कुल्हाड़ी से भाइयों का फोड़ा सिर
चरवा। स्थानीय गांव में सोमवार की शाम पड़ोसी दबंगों ने मामूली बात को लेकर सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से हमला कर सिर फोड़ दिया। गंभीर हालत में घायलों को प्रयागराज के एसआरएन में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
चरवा कोतवाली के स्थानीय गांव निवासी उमेश ने पिछले हफ्ते एक भैंस खरीदी है। बताया जा रहा है कि इधर दो तीन दिन से भैंस ने दूध देना बंद कर दिया है। उसे आशंका हुई कि किसी ने मवेशी के साथ टोटका कर दिया है। इसे लेकर वह दरवाजे पर गाली-गलौच कर रहा था। पड़ोसी मिठाईलाल ने इसका विरोध किया तो बात बढ़ गई। देखते ही देखते मिठाईलाल उसका भाई गुलाब बेब जयसिंह व विजय भी लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर उमेश को जमकर पीटा। बीच-बचाव कर रहे उमेश के भाई खुदाई को भी पीटा गया। कुल्हाड़ी के हमले से दोनों भाइयों का सिर फट गया। चीखपुकार सुन इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। उधर पिटाई से गंभीर सगे भाइयों को इलाज के लिए परिजन प्रयागराज के एसआरएन लेकर चले गए। घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव है।