सरेराह खींचा आठवीं की छात्रा का दुपट्टा
करारी इलाके में शनिवार को हुई घटना, एएसपी से शिकायत
मंझनपुर। करारी इलाके के एक गांव में रहने वाली कक्षा आठ की छात्रा का शनिवार को पड़ोसी शोहदे ने सरेराह दुपट्टा खींच लिया। विरोध करने पर उसे अपशब्द भी कहा। पीड़िता के पिता ने एएसपी से शिकायत किया है।
करारी क्षेत्र की एक लड़की कक्षा आठ की छात्रा है। उसने बताया कि पड़ोसी युवक काफी दिनों से उसके पीछे पड़ा हुआ है। स्कूल आते-जाते अक्सर वह छेडख़ानी करता था। पीड़िता के मुताबिक लोकलाज के डर से अभी तक उसने यह बात किसी को नहीं बताई। इसी वजह से शोहदे का हौसला बढ़ गया। शनिवार को उसने बदसलूकी की हद ही पार कर दी। स्कूल से लौटते वक्त बीच सड़क पर दुपट्टा खींच लिया। ऐतराज जताने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मार डालने की धमकी दी। इससे क्षुब्ध छात्रा ने घर पहुंचकर आपबीती परिजनों को बता दी। पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ एएसपी से शिकायत की है।