कोखराज थाना क्षेत्र के सुमजातपुर रेलवे स्टेशन के समीप डीएफसी रेल लाइन पर बृहस्पतिवार रात एक अधेड़ की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम सुजातपुर के पास डीएफसी लाइन के खंभा संख्या 329/41 के पास एक व्यक्ति ट्रेन चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही शहजादपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के सामने अधेड़ आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक लुंगी और गुलाबी रंग की शर्ट पहने हुए था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, परंतु कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
चौकी प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।