क्षेत्र के हासिमपुर किनार गांव में शुक्रवार देर शाम मिर्गी का दौरा आने से तालाब के पास टहलने गई मानसिक रूप से मंदित युवती तालाब में डूब गई। डूबने से युवती की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की छानबीन करना शुरू कर दिया है। हासिमपुर किनार गांव निवासी विश्राम ने बताया कि उनकी बेटी सरोज (19) बचपन से मानसिक रूप मंद थी। विश्राम के मुताबिक शुक्रवार दोपहर के बाद घर के सभी सदस्य खेतों में काम करने चले गये थे। बेटी सरोज घर पर अकेली थी, शाम को सात बजे अचानक वह घर से टहलते हुए समीप ही स्थित बलखोड़िया तालाब की ओर चली गई।
वहीं पर अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया। दौरा पड़ने से वह गिरकर गहरे पानी में चली गई और डूब गई। आसपास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो पड़ोस के कुछ लोग तालाब में पहुंचे। सूचना पर घर के लोग भी खेतों से घटनास्थल पर पहुंच गए। घरवालों ने तालाब में घुसकर सरोज को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मामले में निरीक्षक शेर सिंह वर्मा ने बताया कि युवती को मिर्गी के दौरे आते थे, तालाब में डूबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लिए भेजा गया है फिलहाल परिवार वालों की ओर से किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया गया है।