उपरहार गांव में रविवार शाम निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोखराज उपरहार निवासी रंजीत कुमार उर्फ पप्पू (35) पुत्र चौबेलाल राजमिस्त्री का काम करता था। रविवार को वह गांव के मनोज कुमार उर्फ पिंटू के मकान में काम कर रहा था। मकान की दूसरी मंजिल पर काम करने के दौरान अचानक रंजीत छत से नीचे गिर पड़ा।
गंभीर रूप से घायल होने पर मकान मालिक उसे कशिया के निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही चिकित्सकों ने रंजीत को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी सुरेखा देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।