दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला
-पीड़िता की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। अतिरिक्त दहेज में चार पहिया की मांग नहीं पूरी होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भरवारी कस्बा निवासी बृजेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 14 मार्च 2023 को करारी कोतवाली के म्योहर निवासी राहुल वर्मा से की थी। शादी में लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि इसके बाद से ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में सोने की जंजीर, अंगूठी, ब्रेसलेट एवं चार पहिया गाड़ी की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। 17 जनवरी को विवाहिता के पति राहुल, ससुर राजेश कुमार, देवर रवी वर्मा, ननद नेहा वर्मा ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। बेटी के गहने व मोबाइल भी छीन लिए गए। इसके बाद पीड़िता पुलिस के पास गई। वहां से उसे परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया, लेकिन यहां समझौता नहीं हो सका। इसके बाद पीड़िता ने अदालत में वाद दाखिल किया। जिसकी जानकारी होने पर ससुराल वाले मुकदमे में सुलह करने की धमकी देने लगे। जिसकी शिकायत फिर पुलिस से की गई। इंस्पेक्टर इंद्रदेव का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।