महेवाघाट कोतवाली के अलवारा गांव में बृहस्पतिवार रात एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। विवाहिता की दो साल पहले शादी हुई थी। घटना की जानकारी पर पहुंचे मायकेवालों का कहना है विवाहिता की हत्या कर शव फांसी पर लटकाया गया है। मामले में पुलिस समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अलवारा गांव निवासी सुनील सोज की शादी दो मई 2020 को पश्चिमशरीरा कोतवाली के खरौना गांव की उपासना के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार शाम किसी बात को लेकर उपासना का ससुरालवालों से विवाद हुआ। इसके बाद करीब नौ बजे उपासना का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी होने पर उपासना के मायकेवाले भी आ गए।
मायके पक्ष के लोगों का कहना है उपासना की हत्या कर शव फांसी से लटकाया गया है। मायकेवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना में उपासना के पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इंस्पेक्टर रोशनलाल का कहना है विवाहिता ने कलह के कारण खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। मायके पक्ष के लोग अगर तहरीर देते हैं तो जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।