चरवा इलाके के एक गांव की नवविवाहिता शादी के एक महीने बाद लापता हो गई। पति ने विवाहिता के गायब होने की सूचना पुलिस को दी है। वहीं, मायके वालों ने भी पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस प्रकरण की छानबीन कर रही है।
इलाके के एक गांव में रहने वाले युवक की शादी नौ दिसंबर 2020 को सैनी इलाके की युवती से हुई थी। शादी के बाद ही नवदंपति में अनबन हो गई। पत्नी पर बीमारी से ग्रसित होने का बहाना बनाकर इलाज के लिए युवक उसे अपने रिश्तेदारी में मामा का यहां छोड़ आया। रविवार की दोपहर नवविवाहिता रिश्तेदारी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पत्नी के गायब होने की जानकारी जब युवक को हुई तो उसने चरवा पुलिस को तहरीर दी। वहीं विवाहिता के मायके वालों ने भी उसके पति पर ही गायब करने का आरोप लगाते हुए शिकायत पुलिस से की।