सरायअकिल कोतवाली के जरैनी गांव के मजरा भावापुर में रविवार की दोपहर एक विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी पर लटकता हुआ मिला। परिजनों ने घरेलू कलह की वजह से फांसी लगाकर जान देने की सूचना पुलिस को दिया है।
भावापुर गांव निवासी शंकरलाल पाल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। इन दिनों वह घर आया है। गांव में उसकी पत्नी श्रीदेवी (23) तीन बच्चों के साथ रहती थी। शंकरलाल के मुताबिक रविवार सुबह वह खेतों की ओर गया था। तीनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी बीच पत्नी श्रीदेवी ने छत के चुल्ले में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
आठ बजे के करीब जब वह खेतों से घर लौटा तो पत्नी का शव फांसी पर लटका देख उसके होश उड़ गए। किसी तरह पड़ोसियों की मदद से रस्सी काटकर शव फंदे से नीचे उतारा गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इस बारे में घर वाले कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। मामले में इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, किसी तरह का कोई आरोप भी नहीं है। कोई शिकायत मिलती है तो प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-
सड़क हादसे में घायल सफाईकर्मी की इलाज के दौरान मौत
चायल। पिपरी कोतवाली नौवापुर गांव निवासी अरुण पटेल (45) सफाईकर्मी थे। उनकी तैनाती मूरतगंज ब्लॉक के मोहीउद्दीनपुर कछार में थी। 19 फरवरी को वह बाइक से चायल बाजार आए हुए थे। घर लौटते समय शाम सात बजे पिपरी क्षेत्र के चलौली पेट्रोल पंप के समीप उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही बाइक से भिड़ गई। आमने-सामने की टक्कर में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। महीने भर तक चले इलाज के दौरान रविवार को उनकी सांसें थम गई। घटना के बाद से चार वर्षीय बेटी शिव्यांस,आठ वर्षीय बेटी श्रेया सहित पत्नी व अन्य परिजनों की रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद
नशेड़ी जेठ ने भयाहू को पीटा, तहरीर
चरवा। कोतवाली के रायभान का पूरा गांव की ललिता देवी पत्नी देवेंद्र दत्त दुबे का कहना है कि उसका पति प्रयागराज में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर वह अकेले रहती है। आरोप लगाया कि उसका जेठ शराब के नशे में धुत होकर बदनीयती से आए दिन उसे गाली-गलौच करता है। चार माह पहले जेठ की हरकत से तंग आकर थाना पुलिस को तहरीर दी गई। शनिवार की शाम लगभग तीन बजे वह अपने दरवाजे से पुराना ईंट हटा रही थी, शराब तभी के नशे में धुत जेठ उसे गाली-गलौच करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर जेठ ने ईंट से प्रहार कर उसे लहुलुहान कर दिया। थाने पहुंची पीड़िता ने घटना की तहरीर दी। आरोप है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस उस पर सुलह का दबाव बना रही है। इस बारे में चरवा इंस्पेक्टर आलोक सोनकर ने जांच बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद
सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति घायल
कड़ा। प्रतापगढ़ जनपद के नवाबगंज कोतवाली के ककरिहा कुशवापुर निवासी रज्जब कादी की पत्नी का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया है। रज्जब फतेहपुर कबाड़ी मार्केट के पीर अली की पुत्री सोनी के साथ दूसरा निकाह करके शनिवार की रात घर जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार दंपती कड़ा कोतवाली के लेहदरी पुल के समीप पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रज्जब गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं, सोनी को भी मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायल दंपति को इलाज के लिए एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी कड़ा में भर्ती कराया। संवाद