Married woman dies in suspicious condition in Painsa, uproar
- फोटो : KAUSHAMBI
पइंसा में संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, हंगामा
मई में ही हुई थी युवती की शादी, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
मायके पक्ष की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
पइंसा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जवई पंडरी गांव में रविवार सुबह संदिग्ध हालत में फांसी पर लटके मिले विवाहिता के शव को लेकर हंगामा हुआ। जानकारी पर पहुंचे मायके वालों की ससुरालियों से झड़प हुई। गांव के लोगों ने मायके वालों को घेरा तो हवाई फायरिंग की गई। सूचना पर एसडीएम सिराथू, सीओ पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पइंसा कोतवाली क्षेत्र के जवई पंडरी गांव निवासी आदेश कुमार की शादी मई में चरवा कोतवाली के बरियावां में रहने वाली नीतू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होता था। विवाद बढ़ने पर कुछ दिन पहले नीतू ने फोन कर अपनी छोटी बहन शिवानी को ससुराल बुला लिया। शनिवार रात खाना खाकर नीतू अपने कमरे में सोने चली गई। शिवानी दूसरे कमरे में सो रही थी। रविवार सुबह परिवार के लोग उठे तो नीतू का शव कमरे में फांसी से लटक रहा था। इसकी जानकारी होने पर शिवानी दहाड़ मारकर रो पड़ी। उसने घटना की जानकारी फोन से अपने घरवालों को ली। सूचना पर मायके पक्ष के लोग जवई आ गए। यहां उन लोगों ने हत्या का आरोप लगाया। इस पर दोनों पक्षों में झड़प हुई। आरोप है कि मायके पक्ष की तरफ से आए एक रिश्तेदार ने हवाई फायरिंग की। इसे लेकर गांव के लोग भी आगबबूला हो गए।
ग्रामीणों ने नीतू के घरवालों को घेर लिया। इस बीच सूचना पर एसडीएम सिराथू राजेश श्रीवास्तव, सीओ रामवीर सिंह, थानाध्यक्ष पइंसा योगेश तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह समझाकर मामला शांत कराया। शिवानी ने पुलिस को बताया कि उसके जीजा नीतू के साथ अक्सर मारपीट किया करते थे। उसने ससुरालियों पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष का कहना है घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।