नौ लाख के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
उलाहना देने गए भाई को पीटा, चरवा के जलालपुर शाना गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। चरवा कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर शाना गांव में ब्याही एक महिला को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने घर से निकाल दिया। इससे पहले उसकी पिटाई की गई। उलाहना देने गए पीड़िता के भाई को भी पीटा। पीड़िता ने बुधवार को आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दिया है।
चरवा के चौराडीह निवासी रामआधीन ने बताया कि उसने अपनी बेटी माया देवी का विवाह करीब दो साल पहले जलालपुर शाना (पतेरिया आइमा) गांव में किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही बतौर दहेज में नौ लाख रुपये और कार की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित की मानें तो मंगलवार सुबह दहेजलोभियों ने उसकी बेटी को पीटा। फिर घर से निकाल दिया। उलाहना देने गए भाई पवन की भी पिटाई की। मायके वालों ने इसके बाद भी समझौते का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।