सदर कोतवाली के समदा गांव में बुधवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोग देर रात इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखकर प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया था। घटना की जानकारी पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने घटना की तहरीर लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर सुहेला निवासी सूबेदार ने अपनी बेटी आफरीन (26) की शादी करीब चार साल पहले समदा गांव के आमिर के साथ की थी। बुधवार रात आफरीन की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए।
यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आफरीन को प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। घरवाले आफरीन को प्रयागराज ले जा रहे थे, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। आमिर ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती थी। इससे पहले गर्भपात खराब हो गया था।
चिकित्सक ने दोबारा गर्भ ठहरने पर इंफेक्शन की आशंका जाहिर करते हुए रेफर किया था। वहीं घटना की जानकारी पर पहुंचे आफरीन के पिता सूबेदार ने विवाहिता के पति व ससुराल वालों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। सूबेदार के मुताबिक शादी के बाद से ही आमिर व उसके घरवाले आफरीन को प्रताड़ित करते थे।
इंस्पेक्टर मनीष पांडेय का कहना है कि विवाहिता के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं थे। विवाहिता के पिता ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।