प्रदेश स्तरीय जनसुनवाई रैंकिंग में मंझनपुर तहसील का लगातार दबदबा बना हुआ है। बेहतर जनसुनवाई के लिए आईजीआरएस रैंकिंग में मंझनपुर तहसील को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इससे पहले जून और जुलाई में तहसील पहले पायदान पर आया था।
एसडीएम एसपी वर्मा ने बताया कि वरासत, आय, जाति, निवास आदि कार्यों का पूरा खाका खींचने के साथ ही उसका अनुपालन कराने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इसके लिए प्रतिदिन अलग-अलग कार्यों की प्रगति को लेकर मॉनीटरिंग करने के साथ ही मौके का जायजा भी लेते रहे। शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की भी नियमित समीक्षा की गई। इसी के चलते सिंतबर माह की आईजीआरएस रैंकिंग में सदर तहसील पहले पायदान पर रहा।
उन्होंने कहा कि अगस्त माह में तहसील की रैंकिग 158वें पायदान पर पहुंच गई थी। इसे बेहतर करने के लिए आईजीआरएस पोर्टल प्रभारी नायब तहसीलदार ओम प्रकाश सिंह को टीम वर्क को मजबूती से काम करने के निर्देश दिए गए थे।
इस सफलता के लिए एसडीएम ने तहसीलदार सिद्धांत कुमार, नायब तहसीलदार कपिल मिश्र सहित अन्य कर्मचारियों को बधाई दी। जबकि सिराथू तहसील खराब प्रदर्शन के चलते 79वें पायदान पर रही।