जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। उद्यान विभाग को इस साल 17 अक्तूबर तक आलू बीज का आवंटन हो जाएगा। विभाग ने शासन से करीब 250 क्विंटल आलू बीज की मांग की है। इस बार बीज 220 रुपये सस्ता मिलेगा। बीज का वितरण पहले आओ पहले पाओ के तर्ज पर होगा। आवंटन के एक सप्ताह के अंदर किसानों को बीज मिलना शुरू हो जाएगा।
जिले में बीते साल 8620 हेक्टेयर भूमि पर आलू की खेती हुई थी। इस बार करीब 200 हेक्टेयर रकबा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम अनुकूल रहा तो किसानों को बोआई के समय पर ही बीज उपलब्ध हो जाएगा। उद्यान विभाग ने इस बार आलू बीज का मूल्य 3715 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो पिछले साल की तुलना में 220 रुपये कम है।
ओवर साइज आलू बीज इस बार 2840 रुपये प्रति क्विंटल में मिलेगा। यह भी बीते साल की तुलना में 255 रुपये सस्ता है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अक्तूबर के पहले सप्ताह से नवंबर के पहले सप्ताह तक आलू की बोआई का सबसे अनुकूल समय होता है।
इसके बाद बोआई करने पर उत्पादन प्रभावित होने लगता है। उन्होंने किसानों से समय पर बोआई और प्रमाणित बीज के उपयोग की करने की बात कही है जिससे बेहतर उत्पादन हो सके।
जिला उद्यान अधिकारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बार किसानों को चिपसोना-1, चिपसोना-3, ख्याती और आनंद प्रजाति के आलू बीज किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे। बीज वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी और इसका लाभ अधिक से अधिक किसानों को दिलाया जाएगा। इसके लिए पहले आने वाले किसानों को वरीयता दी जाएगी।
आलू बोआई का समय चल रहा है। विभाग का आलू आने में अभी समय है। तब तक तमाम किसान आलू बीज बाजार से खरीदकर बोआई कर लेते हैं। - बलराम तिवारी, आलू किसान
-उद्यान विभाग हर साल सीजन का आधा समय बीत जाने के बाद आलू के बीज का वितरण करता है। जबकि बीज का वितरण ऐसे समय में होना चाहिए कि किसान अगेती आलू की बोआई कर सके। - अयोध्या प्रसाद पांडेय, आलू किसान
उन्नतशील आलू बीज के आवंटन में बढ़ोतरी की मांग
समर्थ किसान पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने किसानों के हित में उन्नतशील आलू बीज के आवंटन में बढ़ोतरी की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उद्यान निदेशक भानु प्रताप राम को लखनऊ स्थित उद्यान निदेशालय में ज्ञापन सौंपा।
अजय सोनी ने बताया कि जनपद में बड़े पैमाने पर आलू का उत्पादन होता है लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में बीज नहीं मिल पाता। उन्होंने शासन से 1500 क्विंटल अतिरिक्त आलू बीज आवंटन करने की मांग की।
अजय सोनी ने बताया कि उन्होंने यह मुद्दा हाल ही में जिला पंचायत सदन की बैठक और डीएम कौशाम्बी को दिए गए ज्ञापन में भी उठाया था। इस दौरान अनिल यादव, राजेश गौतम, रोहित सोनी, रोहन गौतम आदि मौजूद रहे।
जिला उद्यान विभाग कार्यालय।- फोटो : दुकान में रखी करवा पूजन की थाली।
जिला उद्यान विभाग कार्यालय।- फोटो : दुकान में रखी करवा पूजन की थाली।
जिला उद्यान विभाग कार्यालय।- फोटो : दुकान में रखी करवा पूजन की थाली।