सरायअकिल और करारी थाना क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र छिनैती और बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल एक आरोपी को बुधवार सुबह पुलिस व एसओजी टीम ने गोविंदपुर गांव के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद सैफ उर्फ बाटे निवासी कौंधियारा प्रयागराज का निवासी है, जिसने पूछताछ में छिनैती की घटनाएं कबूल की हैं।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि नौ मार्च को जरैनी गांव के पास और 13 मार्च को लक्ष्मणपुर तिराहे के निकट महिलाओं से मंगलसूत्र छीने गए थे। इन मामलों में पुलिस टीम लगातार तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को बाइक समेत पकड़ लिया गया।
उसके पास से दो लॉकेट बरामद हुए हैं। घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी बरामद की गई, जो छह फरवरी को मंझनपुर से चोरी की गई थी। एक अन्य बाइक चोरी की बात भी आरोपी ने कबूल की है। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।