मनचले ने तेजाब से चेहरा झुलसाने की छात्रा को दी धमकी
दो सितंबर को स्कूल से लौटते वक्त की थी छेड़खानी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज इलाके की एक छात्रा से पड़ोस के एक युवक ने छेड़खानी की। अब उस पर समझौते का दबाव बना रहा है। नहीं मानने पर तेजाब से झुलसा देने की धमकी देता है। इससे सहमी छात्रा अब स्कूल जाने से घबराने लगी है। पीड़िता की मां ने सोमवार को एसपी को घटना से अवगत कराकर कार्रवाई की मांग की है।
कोखराज इलाके की एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी हाईस्कूल की छात्रा है। पीड़िता की मानें तो दो सितंबर को स्कूल से लौटते वक्त रास्ते में पड़ोसी युवक ने बेटी के साथ छेड़खानी की थी। मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है। इससे वह बेखौफ हो गया है। वह पीड़ित लड़की का कहीं भी आते-जाते वक्त रास्ता रोककर समझौता करने के लिए कहता है। नहीं मानने पर तेजाब से चेहरा झुलसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देता है। 26 सितंबर को भी बाजार जाते वक्त उसने धमकाया। धमकियों से परेशान छात्रा अब अकेले स्कूल जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कोखराज कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।