मंझनपुर। विश्व बालिका दिवस पर रविवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम अमित कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को सामने आने वाली चुनौतियों से निबटने के साथ ही उन्हें मिले अधिकारों के संरक्षण को लेकर जागरूक करने की जरूरत है। ताकि, सालों से चले आ रहे बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या सरीखी रूढ़िवादी परंपराओं, लैंगिक असमानताओं को समाप्त किया जा सके।
इसके लिए सभी को जागरूक होना होगा। तभी, हम ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’’ कार्यक्रम को सही मायने में सफल बना सकेंगे और बेटियां अपने सामने आने वाली चुनौतियों का सामना कर अपनी जरूरतें पूरा कर सकेंगी। डीएम ने बताया कि बेटियों को आगे पढ़ने और बढ़ने के लिए सरकार की ओर से कन्या सुमंगला योजना संचालित की जा रही है।
सदर विधायक लालबहादुर ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के बाबत आमजन मानस को आगे आने के लिए प्रेरित किया। सहायक अध्यापिका नीलिमा सिंह के मार्गदर्शन में विद्यालय की अनामिका, दीपिका, अर्पिता सिंह, आयुषी, प्रगति, नसरा एजाज, सोनम, संस्कृति, पुष्पलता, अलीशा, अर्चना, साकेत आदि छात्राओं द्वारा कन्या भ्रूण हत्या, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर नुक्कड़ नाटक, गीत एवं कविता के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। डीएम ने सभी छात्राओं को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एडीएम मनोज, डीपीआरओ गोपाल जी ओझा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रवींद्र जायसवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, संरक्षण अधिकारी अजीत कुमार, महिला कल्याण अधिकारी, जिला समन्वयक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहु आदि उपस्थित रहीं।
टेंवा स्टेडियम में हुई प्रतियोगिता में पूजा और अनामिका मिलीं सबसे फिट
मंझनपुर। विश्व बालिका दिवस पर रविवार को टेंवा स्थित स्पोर्ट स्टेडियम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं का शारीरिक दक्षता परीक्षण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें पूजा ने पहला व अनामिका ने दूसरा स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ वर्ल्ड स्कूल गेम के स्वर्ण पदक विजेता गौरव यादव ने किया। कोविड-19 नियमों के बीच आयोजित प्रतियोगिता में 25 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर क्रिकेट, एथलेटिक, मुक्केबाजी, जूडो समेत सभी खेलों के कोच मौजूद रहे। अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी रुस्तम खान ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
--------