सैनी कोतवाली के डोरमा गांव स्थित पेट्रोलपंप के पास नेशनल हाईवे पर टायर फटने से अनियंत्रित हुई दो कारों के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार प्रयागराज कुंभ से लौट रहे बिहार व राजस्थान के छह श्रद्धालु जख्मी हो गए।
हादसे की वजह से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी सिराथू में भर्ती कराते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराकर यातायात बहाल कराया।
बिहार के वैशाली जनपद के चक सैदपुर कस्बा निवासी उमाशंकर परिवार के साथ प्रयागराज महाकुंभ गए थे। रविवार सुबह संगम स्नान कर लौट रहे थे। इस दौरान डोरमा पेट्रोल पंप के समीप कार का अगला टायर फटने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर पीछे आ रही कार से भिड़ गई।
हादसे में उमाशंकर व उनकी पत्नी सरिता देवी, रोशन पुत्र उपेंद्र, पंकज पुत्र त्रिलोकी महतो, मनोरंजन पुत्र प्रमोद व दूसरी कार सवार राजस्थान के मनोहर लाल पुत्र पुखराज जख्मी हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उमाशंकर की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया है।
उधर, दुर्घटना के कारण हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे किनारे कराया। इस बीच करीब घंटे भर के लिए हाईवे की एक लेन पर यातायात बाधित होने की वजह से जाम लग गया।
-
हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत तीन श्रद्धालु जख्मी
सैनी के अटसरॉय गांव के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार भोर हुए सड़क हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत तीन श्रद्धालु जख्मी हो गए। कानपुर शहर के जूही गोशाला निवासी वीरेंद्र कुमार जायसवाल अपने परिवार के साथ प्रयागराज महाकुंभ संगम स्नान के लिए कार से जा रहे थे।
रविवार भोर अटसरॉय गांव के समीप हाईवे पर आगे जा रहे किसी अज्ञात वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे लगी श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर भिड़ गई। हादसे में कार सवार वीरेंद्र व उनका बेटा अशोक कुमार, बेटी नेहा जायसवाल समेत तीनों लोग जख्मी हो गए।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस की मदद से ट्रामा सेंटर कछुआ में भर्ती करा दिया।
-
एनएचएआई के वाहन की टक्कर से कार सवार कानपुर के चार श्रद्धालु घायल
कोखराज के केसौवापुर गांव के पास हाईवे पर रांग साइड से आ रही एनएचएआई के वाहन की टक्कर से कार सवार चार श्रद्धालु जख्मी हो गए। कानपुर देहात जनपद के झीझक निवासी अरुण कुमार (54) अपनी पत्नी मोहिनी गुप्ता (52), परिवार के अहनापाल गुप्ता (32) व अश्वर गुप्ता (30) के साथ कार से संगम स्नान करने महाकुंभ प्रयागराज गए थे।
रविवार को स्नान कर घर लौटते वक्त चार बजे शाम केसौवापुर गांव के पास हाईवे के पास रांग साइड से आ रही एनएचएआई के वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चारों श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, दुर्घटना के बाद मची अफरातफरी का फायदा उठाकर पिकअप चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
-
बाइकों की भिडंत में चार जख्मी
सैनी कोतवाली के गुलामीपुर चौराहे के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार रात बाइकों की भिडंत में दो श्रद्धालु सहित चार जख्मी हो गए। कानपुर के मो. कुरनी निवासी राजेश साथी तेजस शनिवार को प्रयागराज कुंभ मेला क्षेत्र में संगम स्नान करने जा रहे थे।
गुलामी पुर के समीप सामने से आ रही दूसरे बाइक सवार ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। दूसरी बाइक में कड़ा धाम के फरीदागंज निवासी विमलेश व अनुराग सवार थे। हादसे में दोनों बाइक सवार चारों लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती करा दिया।
अटसराय के समीप हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
अटसराय के समीप हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद