एमसीएच विंग में तीन घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इससे पर्चा काउंटर, ओपीडी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटीस्कैन आदि सेवाएं ठप हो गईं। करीब 950 मरीजों को परेशानी हुई और अस्पताल की आधा दर्जन ओपीडी में बैठे डॉक्टरों को मोबाइल की रोशनी में इलाज करना पड़ा।
मंझनपुर के रामसिंह ने बताया कि बेटे के पैर का एक्सरे कराने और करारी के रमेश सिंह ने बताया कि पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराने आए थे। घंटों तक बिजली नहीं आई तो कर्मचारियों से जनरेटर चलवाने को कहा। कर्मचारियों ने कहा कि ये व्यवस्था आपके लिए नहीं है। बिजली आने पर ही अल्ट्रासाउंउ हो पाएगा।
विज्ञापन
अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में छह जनरेटर हैं। लेकिन, विद्युत आपूर्ति बाधित होने के बाद भी जनरेटर नहीं चलाए जाते। जबकि, आए दिन विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण ओपीडी से लेकर जांच केंद्रों तक मरीजों की लाइन लगी रहती है। करीब तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई, तब जाकर मरीजों की जांच शुरू हुई।
अलगअलग कार्यों के लिए अस्पताल में जनरेटर हैं। अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन का कनेक्शन जिस जनरेटर से है, वह तकनीकी कारणों से लोड नहीं उठा पा रहा था। इस कारण घंटे भर के लिए दिक्कत हुई है।