जिलेभर में बुधवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पुलिस लाइन, विद्युत उपकेंद्रों, दुकानों, कारखानों, वर्कशॉप और घरों में श्रद्धालुओं ने देव शिल्पी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई।
पुलिस लाइन में प्रतिसार निरीक्षक देवपाल, आरटीसी प्रभारी शिवचरण राम व एसआईएमटी योगेंद्र सिंह ने शस्त्रों की पूजा की। वहीं मंझनपुर विद्युत उपकेंद्र में एसडीओ अंकित सिंह और जेई चंद्रिका मौर्य ने विधि-विधान से पूजन किया।
जेल अधीक्षक अजीतेश कुमार के निर्देशन में बंदियों ने अपने औजारों की पूजा-अर्चना की। जेल परिसर में जहां बंदी मेज, कुर्सी व सजावटी सामान बनाते हैं, उन्हीं उपकरणों का विशेष पूजन किया गया।
इसी प्रकार पइंसा गांव में अमित विश्वकर्मा ने अपने बिल्डिंग वर्क्स प्रतिष्ठान में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर जयप्रकाश विश्वकर्मा, धनराज विश्वकर्मा, रामबली विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
भक्तों ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा सृजन और निर्माण के देवता हैं। उनकी पूजा से कार्य में सफलता और उन्नति मिलती है। सिराथू क्षेत्र में ट्रैक्टर, बाइक व कार एजेंसियों, मोटर वर्कशॉप और ऑटो गैरेजों में देव शिल्पी की पूजा की गई। पूजा के चलते दिनभर गैराजों में कामकाज बंद रहा। गुलामीपुर चौराहे के समीप टाटा मोटर्स गैरेज में भी विशेष पूजा की गई।