मंझनपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के सेवकूपुर गांव के समीप शनिवार शाम बाइक सवार फेरीवाले को पांच लोगों ने पीटकर छह हजार रुपया लूट लिया। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ भी लिया। आरोप है कि बाद में पुलिस ने उसे लेनदेन कर छोड़ दिया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत सोमवार को एसपी अभिनंदन से की।
नारा गांव निवासी दीपू सोनकर फेरी लगाकर गुड़ बेचता है। दीपू का कहना है 15 फरवरी की शाम वह फेरी लगाकर घर लौट रहा था। सेवकूपुर गांव के समीप पहले से घात लगाकर खड़े पांच लोगों ने दीपू के साथ मारपीट कर छह हजार रुपया छीन लिया। मामले में दीपू ने नारा पुलिस चौकी में नामजद शिकायत किया। एसपी अभिनंदन को दिए शिकायती पत्र में दीपू ने बताया चौकी के एक सिपाही ने आरोपी से 15 हजार रुपया लेकर छोड़ दिया है। उसके प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट भी दर्ज नहीं किया गया। एसपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।