मंझनपुर। बिजली, पीने के पानी, जलनिकासी, रास्ते जैसी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे गिरधरपुर के लोगों ने गांव को लोहिया गांव बनाने की मांग की है। सोमवार को ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन भी किया। डीएम को समस्याओं का ज्ञापन भी दिया। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को गांव का सर्वे करके विकास कार्य कराने का निर्देश दिया है।
सिराथू तहसील की ग्रामसभा खोरांव का एक पुरवा है खोरांव। करीब 300 घरों के इस पुरवे के रहने वाले संगमलाल, शिवमूरत, रामकली, कमला देवी, नथिया देवी, संपतिया देवी, कलुइया देवी, गोमती देवी, उर्मिला देवी, रामकली, ननकी देवी, लक्ष्मी ने बताया कि उनके गांव में सिर्फ तीन हैंडपंप लगे हैं, उनमें से एक हैंडपंप तो करीब सालभर से खराब पड़ा है। इसी तरह से रास्ता, जलनिकासी आदि की भी समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार इसकी शिकायत ग्राम विकास अधिकारी, बीडीओ से की गई। इसके बाद भी समस्याओं के समाधान का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर पानी, बिजली, रास्ता और जलनिकासी जैसी समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की है। डीएम ने खंड विकास अधिकारी को गांव जाकर जांच करने और पानी, जलनिकासी, रास्ते जैसी समस्याओं को दूर कराने का निर्देश दिया है।