लोहिया आवासों के स्थलीय सत्यापन में भी खेल किए जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को टेंवा गांव के लोगों ने वीडीओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। तहसील दिवस में भी शिकायत की। एसडीएम ने बीडीओ को जांच का निर्देश दिया है।
मंझनपुर तहसील क्षेत्र के टेंवा गांव की कमला देवी, कुसुम देवी, कली देवी, सुनीता देवी, कमला देवी, सुनीता देवी, रीता देवी, शांति चौधरी, बसंतलाल केसरवानी, कैलाशचंद्र गुप्ता, राजकली, अलोपी प्रसाद, रामभवन, रामसूरत, ओंकार आदि ने बताया कि उनके गांव में लोहिया आवास आवंटन में जमकर मनमानी की गई है। पक्के मकान और बड़े काश्तकारों को लोहिया आवास का लाभार्थी बना दिया गया है। जबकि पात्रों को लोहिया आवास से वंचित किया गया है। लोगों ने बताया कि शिकायत पर डीएम ने ग्राम विकास अधिकारी को स्थलीय सत्यापन करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। आरोप है कि स्थलीय सत्यापन में भी मनमानी की जा रही है।
गांव में घूमकर सत्यापन के बजाय घर बैठे रिपोर्ट बनाई गई है। इससे एक भी अपात्र का नाम सूची से हटाया नहीं जा सका है। सत्यापन में की गई मनमानी से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को बीडीओ कार्यालय और तहसील दिवस में एसडीएम के सामने हुंकार भरी। ग्रामीणों ने एसडीएम और बीडीओ को शिकायतीपत्र देकर किसी जिलास्तरीय अधिकारी से लोहिया आवासों का स्थलीय सत्यापन करवाने की मांग की है। अनदेखी पर गांववालों ने कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।