ईंट की ढुलाई कर रहे अहिरारा गांव के प्रवेश (13) की मंगलवार सुबह बुग्गी से गिरकर मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के टडहरपर गांव के समीप भट्ठे में शिवपुर (अहिरारा) गांव निवासी वासुदेव और उसका परिवार बुग्गी से ईंट की ढुलाई करता है। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उसका लड़का प्रवेश (13) बुग्गी से ईंट की ढुलाई करने गया था। बताया जाता है कि वह भट्ठे में पकाने के लिए कच्ची ईंट ले जा रहा था। तभी रास्ते में गड्ढे के कारण बुग्गी अनियंत्रित हो गई। इससे वह नीचे गिर गया।
वह बुग्गी की चपेट में आ गया। ईंट लदी बुग्गी उसके ऊपर से निकल गई। कुचल जाने से घटनास्थल पर मौत हो गई। मौके पर तमाम भट्ठा मजदूर पहुंच गए। मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्य भी रोत-बिलखते पहुंचे। कोखराज कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच की। बताया जाता है कि नाबालिग से काम करवाने के मामले में भट्ठा मालिक को बचाने की कोशिश भी होती रही। सीओ सिराथू जनार्दन तिवारी ने बताया कि यदि मृतक बच्चे के परिवार के लोग भट्ठा संचालक के खिलाफ तहरीर देते हैं, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।