कोहंड़ौर थाने पर शनिवार को थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने क्षेत्र के शातिर बदमाश, गुंडा व हिस्ट्रीशीटर के नाम पते के साथ उनकी कुंडली परिसर में चस्पा कराई। जिससे सियासी गलियारे में खलबली मची रही। हाल ही में भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता ने मदाफरपुर में रात्रि प्रवास किया तो संयोजक के रूप में हिस्ट्रीशीटर का नाम ही सामने आया था।
पूर्व मंत्री के करीबी व सांसद के शार्गिद मदाफरपुर के प्रधान विपिन कुमार जायसवाल उर्फ सोनू को पुलिस ने कभी करोड़ों रुपये की गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड बताया गया था। कोहड़ौर पुलिस ने प्रधान विपिन कुमार जायसवाल उर्फ सोनू, अतरसंड के रहने वाले भाजपा नेता डीपी इंसान, भाजपा जिला पंचायत सदस्य पूनम सहित 62 हिस्ट्रीशीटरों के नाम की सूची थाने पर चस्पा की है।
भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता कुछ दिन पहले रात्रि प्रवास कार्यक्रम के तहत मदाफरपुर बाजार के पास प्राथमिक विद्यालय में रुके थे। इस पूरे कार्यक्रम में आयोजक की भूमिका हिस्ट्रीशीटर सोनू जायसवाल ने निभाई थी। सांसद के कार्यक्रम में आरोपी की कई तस्वीर भी प्रकाश में आई थी।
गांजा तस्करी के मुख्य सरगना के रूप में सामने आने पर सोनू की पूर्व मंत्री की तस्वीर के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। कोहड़ौर पुलिस की ओर से चस्पा की गई सूची का अवलोकन कर क्षेत्रीय नेता चुटकी ले रहे हैं। अब सूची चस्पा होने के बाद सियासी गलियारों में मची खलबली के बाद थानाध्यक्ष कोहड़ौर ने चुप्पी साध ली है।
ब्लड बैंक के काउंसलर का बंद मकान खंगाल ले गए चोर
मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक के काउंसलर का बंद मकान चोर खंगाल ले गए। कमरे में रखा 15 हजार नगदी समेत पांच लाख का जेवरात चोरों ने पार कर दिया। जानकारी होने पर काउंसलर परेशान हो गईं। इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की है।
नगर कोतवाली के विवेक नगर निवासी मनोज पांडेय के यहां किराए पर कमरा लेकर परिवार सहित ब्लड बैंक की काउंसलर कुसुम लता गुप्ता रहती हैं। शुक्रवार को वह परिवार के साथ मिट्टी में शामिल होने जौनपुर गई थीं। उनके बंद मकान का ताला तोड़कर चोर आलमारी में रखा 15 हजार रुपये समेत लाखों का जेवरात पार कर दिया।
शनिवार की सुबह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने काउंसलर को घटना की जानकारी दी। काउंसलर जौनपुर से सीधे अपने कमरे पर आई। कमरे में बिखरा सामान देख दंग रह गईं। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।