संदीपनघाट कोतवाली के मुजाहिदपुर गांव में शुक्रवार रात फ्यूज जोड़ने के बहाने से बुलाकर दबंगों ने लाइनमैन को लात-घूंसों और डंडे से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। इतने से भी जब मन नहीं भरा तो गर्दन पर लात रख कर काफी देर तक दबाए रखा। इससे वह बेहोश गया। होश आने पर पीड़ित ने आरोपी तीन सगे भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।
छोटी धन्नी गांव निवासी देशराज के मुताबिक, विद्युत विभाग में वह संविदा पर लाइनमैन है। बुधवार सुबह मुजाहिदपुर गांव निवासी एक युवक ने उसे फोन कर कहा कि 10 केवीए ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज कट गया है, उसे आकर जोड़ दो। किसी कारण से वह फ्यूज जोड़ने नहीं पहुंच सका।
आरोप है कि इसी बात से नाराज युवक शुक्रवार देर रात दूसरे नंबर से फोन कर उसे बिजली बनवाने के बहाने बुलाकर गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर अपने दो भाइयों संग लात- घूसों और डंडे से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने गर्दन पर लात रख कर उसे काफी देर तक दबाए रखा, इससे वह बेहोश गया।
जानकारी पाकर पहुंचे साथियों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर पीड़ित ने शनिवार को आरोपी तीन भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेज घटना की जांच में जुट गई है।