ट्रांसमिशन लाइन में तकनीकी खराबी से 40 गांवों की बत्ती गुल
बिजली विभाग को खोजे नहीं मिल रहा फाल्ट, ग्रामीणों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। ट्रांसमिशन में तकनीकी खराबी आ जाने से करीब 40 गांवों की बत्ती गुल हो गई है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उधर विद्युत महकमे को फाल्ट खोजे नहीं मिल रहा है।
सरायअकिल इलाके के बेनीराम कटरा चौराहे पर म्योहर के नाम से विद्युत उपकेंद्र है। इसमें तिल्हापुर मोड़ स्थित ट्रांसमिशन से बिजली आती है। गुरुवार रात मामूली बूंदाबांदी के बीच ट्रांसमिशन में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद म्योहर उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। इस उपकेंद्र से इलाके के म्योहर, बसुहार, रामपुर, लोही, घूरी, इमलीगांव, डहिया, नेवादा, भगवानपुर, दुर्गापुर सहित तकरीबन 40 गांवों आपूर्ति होती है। बिजली विभाग के अफसरों ने रात भर तो फाल्ट की फिक्र ही नहीं की। शुक्रवार सुबह से फाल्ट खोजाना शुरू किया गया तो वह तमाम कोशिशों के बाद भी मिला नहीं। उधर, बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण जहां एक ओर चोरी-छिनैती जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं, दूसरी ओर बच्चों की पढ़ाई के साथ खेती का काम भी प्रभावित हो रहा है। मामले में अवर अभियंता शंकरलाल का कहना है कि ट्रांसमिशन की 33 हजार लाइन में फाल्ट के कारण ब्रेकडाउन हो गया है। फाल्ट ढूंढा जा रहा है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।