मंझनपुर। चरवा कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की सुबह चोरी के समान के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों ने इलाके में एक ज्वेलरी शॉप सहित पांच स्थानों में चोरी की घटना को अंजाम देना कुबूल किया।
गुरुवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवर्ता के दौरान एएसपी अशोक कुमार ने चरवा इलाके में हुई चोरी की चार वारदातों का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि 27 दिसंबर की रात चरवा थोक निवासी रामजी सोनी के यहां से चोर छह जोड़ी सोने के झुमका, अंगूठी, चांदी का सिक्का, बिछुवा व 45 सौ नकद चुराया था। नौ दिसंबर की रात हरीश कुमार सोनी के नलकूप से स्टार्टर चोरी हुआ था। 29 अक्तूबर की रात हरीश सोनी के प्रतिष्ठान एसके ज्वेलर्स चरवा से चोर मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल व पांच हजार रुपये चुरा ले गए थे। काजू व बेलहाई स्थित प्राथमिक स्कूल का ताला तोड़कर चोरी हुई थी। घटनाओं के खुलासा के लिए इंस्पेक्टर संतशरण सिंह की टीम लगी थी।
गुरुवार की सुबह पुलिस को पता चला कि चरवा थोक में कुछ चोरी का समान बेचने के लिए आए हैं। इस पर टीम ने घेराबंदी करके चरवा थोक गांव के छेद्दू उर्फ छेदीलाल, कोमल पुत्र रामहित, हरिलाल पुत्र स्व. रामनाथ और करारी कोतवाली के बरई बंधवा निवासी जीतू पुत्र सुखराम को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों के पास से छह जोड़ी झुमका, तीन सोने की अंगूठी, माला, घड़ी, 11 रत्न, आठ चांदी का सिक्का, पांच जोड़ी पायल, 10 गिन्नी, आठ चांदी का विछिया, 45 सौ नकद, पीतल का बटुवा, पीतल का कटोरा, तीन बड़ी परात, तीन बाल्टी, दो गैस सिलिंडर, तीन भगोना और एक स्टील की परात बरामद हुई है।