मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के टेनशाह आलमाबाद गांव में पड़ोसियों के घर में घुसकर मां-बेटे पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने छह महीना बाद कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
पीड़िता दुर्गावती के मुताबिक छह अप्रैल 2026 की सुबह पड़ोस में रहने वाले विपक्षियों ने गालीगलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर बेटे अखिलेश मिश्रा व नाती शोभित पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर अखिलेश का मोबाइल भी छीन ले गए और गृहस्थी का सामान तोड़ डाला।
ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उनकी जान बची। पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। शुक्रवार को अदालत के आदेश पर मंझनपुर पुलिस ने अनिल, वीरेंद्र, राजेंद्र समेत 12 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।