lathi charge on kidnapping of daughter of businessman in Karari
- फोटो : KAUSHAMBI
करारी में कारोबारी की बेटी के अपहरण पर बवाल, लाठीचार्ज
चक्काजाम कर रहे विहिप कार्यकर्ता, व्यापारी दौड़ा-दौड़ा कर पीटे गए
एएसपी के सामने एसडीएम और नायब तहसीलदार से अभद्रता
अमर उजाला ब्यूरो
करारी (कौशाम्बी)। दवा व्यवसायी की बेटी का दिनदहाड़े अपहरण किए जाने के मामले में शनिवार को करारी एक बार फिर सुलग उठा। चक्काजाम कर रहे विहिप कार्यकर्ताओं व कारोबारियों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे पहले गुस्साई भीड़ ने एएसपी के सामने ही एसडीएम और नायब तहसीलदार से अभद्रता की। करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद मामला शांत कराया जा सका।
करारी नगर के एक दवा व्यवसायी की बेटी का 27 जून को कस्बे में ही रहने वाले दूसरे समुदाय के एक युवक ने अपहरण कर लिया था। इसका अभी तक सुराग नहीं लग सका है। आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हो पाई है। इससे नाराज विहिप कार्यकर्ताओं व कारोबारियों ने दो दिन पहले करारी कोतवाली का घेराव किया था। तब एएसपी ने 24 घंटे के भीतर लड़की को बरामद कर लेने का आश्वासन दिया था। लड़की के नहीं मिलने पर विहिप कार्यकर्ता और कारोबारी शनिवार सुबह फिर बिफर पड़े। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे चौराहे पर जाम लगाकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति अनियंत्रित देख आननफानन करीब पांच कोतवालियों की फोर्स तथा पीएसी मौके पर बुला ली गई। समझाने पहुंचे एसडीएम सदर सतीश चंद्र व नायब तहसीलदार केके मिश्रा के साथ भीड़ ने एएसपी अशोक कुमार के सामने ही अभद्रता की। लोग डीएम-एसपी को बुलाने की जिद पर अड़े थे।
करीब पांच घंटे बाद डीएम-एसपी पहुंचे तो उनके सामने भी आक्रोशित लोग नारेबाजी करते रहे। माहौल बिगड़ता देख जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने लाठीचार्ज करने का निर्देश दे दिया। इसके बाद पुलिस ने विहिप कार्यकर्ताओं तथा कारोबारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे करीब छह लोगों को मामूली चोट आई है। मामला ठंडा होने के बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने विहिप के जिला संगठन मंत्री विनय कुमार सहित लगभग आठ लोगों को कोतवाली बुलाकर उनसे बातचीत की। साथ ही जल्द लड़की को बरामद करने का आश्वासन दिया।