अंसारगंज निवासी ईंट-भट्ठा मजदूर का मंगलवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। ईंट-भट्ठे में झोंकाई का कार्य करते वक्त जलने से उसकी मौत हो गई थी। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
करारी कस्बे के अंसारगंज निवासी रतीलाल ने बताया कि उनका बेटा बृजेश सरोज (25) ईंट-भट्ठे में झोंकाई का काम करता था। मार्च में वह एटा जिले के निधौली कला कस्बा स्थित एक ईंट भट्ठा पर मजदूरी करने गया था।
सोमवार की सुबह वह भट्ठे में कोयले की झोंकाई कर रहा था। इस दौरान ईंट- भट्ठा की लाइन धंसने से उसका आधा शरीर भट्ठा के अंदर दब गया। हादसे में बृजेश गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को परिवार के लोग शव लेकर करारी पहुंचे तो परिजनों में रोना-पिटना मच गया। बृजेश सरोज चार भाई व तीन बहनों में बड़ा था। उसके एक बेटी सुनीता तीन साल की है। पत्नी सुषमा का रो-रो कर बुरा हाल है।