फौजी को दी गई अंतिम विदाई
पइंसा। बीमारी के चलते अंबाला में शुक्रवार को एक फौजी की मौत हो गई थी। रविवार सुबह नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। सेना के जवानों के साथ स्थानीय पुलिस अफसरों ने भी सलामी दी।
पइंसा इलाके के मिर्जापुर जवई निवासी राजेश कुमार (32) पुत्र शिवदास आर्मी में हवलदार के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी तैनाती अंबाला में थी। बताया जाता है कि फौजी लंबे समय से पैर और पेट दर्द की समस्या से जूझ रहे थे। दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों में उनका इलाज कराया जा रहा था। शनिवार सुबह अंबाला स्थित सरकारी आवास में उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह हवलदार भगवती प्रसाद, केए सिंह आदि उनका शव लेकर पैतृक गांव पहुंचे। यहां सीओ सिराथू रामवीर सिंह, पइंसा एसओ संजय गुप्ता पहले से मौजूद थे। सभी ने फौजी को सलामी दी। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दिवंगत राजेश अपने पीछे पत्नी अनीता देवी के साथ बेटे अंकित (12) व प्रियांशू (9) को छोड़ गए हैं।