बारा। 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से आक्रोशित उरईपहड़िया, नैनुआ, फैजुल्लापुर, के ग्रामीणों ने सरायअकिल-कौशाम्बी मार्ग पर भीखागर्ग के पुरवा गांव के सामने चक्काजाम कर दिया। आरोप है कि बिजली आपूर्ति बंद करने के साथ ही लोकलफाल्ट के बहाने अक्सर बिजली काट दी जाती है। फाल्ट दुरुस्त करने के नाम पर लाइनमैनों द्वारा अवैध वसूली की जाती है। सूचना पहुंचे एसओ कौशाम्बी ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर चक्काजाम हटवाया। इसके बाद ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल से एसडीओ विद्युत ने थाने में बुलाकर बातजीत की। साथ ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिलाया है।
सरायअकिल विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र से जुड़े उरई पहड़िया, भीखागर्ग का पूरा, फैजुल्लापुर, कपूरीपुर, नैनुआ, जाठी आदि दर्जनभर से ज्यादा गांवों में 10 दिन से बिजली आपूर्ति बंद थी। पहड़िया के जयस्वरूप चौरसिया, रामस्वरूप चौरसिया, रामदीन, रामनरेश, भीखागर्ग के पुरवा के दीपक सिंह, अजय कुमार, रमेश कुमार, विनोद कुमार आदि का कहना है कि आपूर्ति बंद होने के कारण नलकूप भी ठप हैं। इससे गेहूं आलू की फसलें सूखकर बर्बाद हो रही हैं। आरोप है कि उपकेंद्र से अक्सर गांवों की बिजली लोकल फाल्ट के बहाने काट दी जाती है।
फाल्ट दुरुस्त करने के नाम पर लाइनमैन मनमानी सुविधा शुल्क की वसूली करते हैं। पहड़िया के ग्रामीणों का कहना है कि प्राइवेट लाइनमैन ने 10-10 केवीए के दो ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए खोल ले गए हैं। अब तक ट्रांसफार्मर बदले नहीं जा सके हैं। विद्युत अफसरों की मनमानी से आक्रोशित ग्रामीणों बुधवार को सरायअकिल-कौशाम्बी मार्ग पर भीखागर्ग के पुरवा के समीप चक्काजाम कर दिया। करीब घंटे पर रास्ते जाम रहा। इससे राहगीरों को निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंचे एसओ कौशाम्बी शिवआसरे सिंह ने ग्रामीणों की फोन पर अधिशासी अभियंता और उपखंडीय अधिकारी विद्युत से बातचीत करवाने के बाद चक्काजाम हटवाया। इस दौरान एसडीओ ने थाना परिसर में ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल की समस्याओं को सुना। साथ ही जल्द ही समाधान कराने का आश्वासन दिया है। अनदेखी पर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। मामले में एसडीओ नवनीत प्रजापति का कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।