खेल का प्रदर्शन करता खिलाड़ी। स्रोत- आयोजक
सिराथू ब्लॉक के सौरई खुर्द में रविवार को कूरामुरीदन व खोदायगंज के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। कूरामुरीदन की टीम ने सात विकेट से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खोदायगंज की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। जवाब में कूरामुरीदन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र नौ ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत ने कूरामुरीदन की टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। टीम की ओर से खुर्शीद आलम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में 53 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में छह छक्के और दो चौके लगाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में अंपायर की भूमिका नागेश कुमार व गब्बर ने निभाई। वहीं कमेंट्री महेंद्र कुमार ने की। स्कोरर की जिम्मेदारी राज बहादुर सिंह ने संभाली। आयोजक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को मंझनपुर व कूरामुरीदन की टीम के बीच होगा।
जियापुर की टीम ने जीता पहला मुकाबला
मंझनपुर। विकासखंड सिराथू के जियापुर में जीएसपीएल प्रीमियर लीग सीजन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला जियापुर व मानपुर बेला के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जियापुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 130 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मानपुर बेला की टीम 95 रन पर ऑलआउट हो गई।
जियापुर की ओर से विनोद कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 रन बनाए और तीन विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच चुने गए। वहीं, मोनू मिश्रा और आशीष कुमार ने दो-दो विकेट लिए। शुभम व विपिन ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व प्रधान लवकुश चौरसिया ने फीता काटकर किया।