भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कस्बे से लेकर गांवों तक के मंदिरों और घरों को सजाया गया। जगह-जगह श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित झांकियां सजीं जिनमें भक्त देर रात तक दर्शन कर भावविभोर होते रहे।
मंझनुपर, करारी, भरवारी, सिराथू और सरायअकिल सहित अन्य कस्बों से लेकर गांवों तक के मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर देर रात तक चलता रहा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भजन गाते रहे और भगवान कृष्ण की आरती उतारते हुए कृपादृष्टि की कामना की। हाथी-घोड़ा पालकी और शोभायात्राओं ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
वहीं करारी के भैलामकदूमपुर, गुवारा तैयबपुर, म्योहर आदि गांवों में श्रीरामचरित मानस का अखंड पाठ हुआ जिसका शनिवार को विधिवत समापन किया गया। जन्माष्टमी पर बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे जब राधा और कृष्ण के रूप में सजकर मंच पर उतरे तो दर्शक भावविभोर हो उठे।
बाल कलाकारों की सामूहिक नृत्य और कृष्ण-लीलाओं ने लोगों को भक्ति और आनंद से भर दिया। बता दें कि जिले के कस्बों व गांवों में भी जन्माष्टमी की धूम रही। बच्चों ने सामूहिक नृत्य और झांकियों की प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया।
दही-हांडी तोड़ने में झूमे गोविंदा
भैला मकदूमपुर गांव में दही-हांडी फोड़ने का आयोजन हुआ। गोविंदाओं की टोलियां एक-दूसरे पर चढ़कर ऊंचाई पर बंधी हांडी तक पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दही-हांडी फोड़ते ही जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जन्माष्टमी पर भव्य जागरण, भजन-नृत्य में डूबा कस्बा
सरायअक़िल। कस्बे के चंद्रशेखर आजाद पार्क में शनिवार रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य जागरण का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में भजन-कीर्तन और राधा-कृष्ण नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। हर वर्ष की भांति इस बार भी हुए जागरण में देर रात तक भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। पार्क जयकारों से गूंज उठा और पूरा कस्बा श्रीकृष्ण भक्ति में डूबा रहा। आयोजन में प्रांजल केसरवानी, वासु केसरवानी, आदित्य मोदनवाल, आकाश पाठक, शुभम मिश्रा, राज पाठक, शुभ केसरवानी, आर्यन मोदनवाल और आनंद अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
उदहिन खुर्द में जन्माष्टमी की धूम, सोहर गीतों से गूंजा गांव
मंझनपुर। हर साल की तरह इस वर्ष भी उदहिन खुर्द में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। परंपरा के अनुसार उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए गांव व आसपास से आए लोगों को अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित झांकियां प्रस्तुत कीं। रात में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। इस दाैरान जयकारों के बीच महिलाएं सोहर गीत गाने लगीं। पूरा गांव भक्ति रस में डूब गया। इस वर्ष कार्यक्रम में विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के पहुंचने से महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी दिलीप सिंह पटेल ने संभाली। वहीं पूर्व विधायक शीतला प्रसाद पटेल भी मौजूद रहे।
सरायअकिल कस्बे में राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत करते कलाकार। संवाद
सरायअकिल कस्बे में राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत करते कलाकार। संवाद
सरायअकिल कस्बे में राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत करते कलाकार। संवाद