कौशाम्बी ब्लॉक के विजिया गोदाम में राशन उठान के दौरान बड़े पैमाने पर घटतौली की जाती है। इसके विरोध में शुक्रवार को कोटेदारों ने जमकर हंगामा किया था। शनिवार को कोटेदारों ने जिला पूर्ति अधिकारी से मिलकर एमआई की शिकायत की। आरोप लगाया कि प्रत्येक बोरी में दस किलो की घटतौली करवाई जाती है। विरोध करने पर कार्रवाई कराने की चेतावनी दी जाती है। इससे नाराज डीएसओ ने एमआई को इलेक्ट्रानिक कांटा से तौल न कराने का जवाब मांगा। डीएसओ ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
विजिया खाद्य गोदाम में शुक्रवार को कोटेदारों ने बल्लोपुर के सरकारी उचित दर विक्रेता सुरेश चंद्र केशरवानी के नेतृत्व में जमकर हंगामा किया था। करीब तीन घंटे तक राशन की उठान नहीं हो पाई थी। किसी तरह एमआई रीता मौर्या के समझाने पर कोटेदार शांत हुए थे। इसके बाद रीता मौर्या ने कुछ कोटेदारों को हिदायत दी थी कि इसका उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसकी जानकारी कोटेदारों को हुई तो उन्होंने शनिवार को डीएसओ आनन्द सिंह का दफ्तर घेर लिया।
डीएसओ को एमआई रीता मौर्या के खिलाफ शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह जबरन कांटा तराजू से राशन की तौल कराती हैं। प्रत्येक बोरी में दस किलो की घटतौली होती, जबकि नियम है कि इलेक्ट्रानिक कांटे से राशन की तौल हो। कई बार इसका विरोध किया गया, लेकिन एमआई की मनमानी जारी है। इसके अलावा कोटेदारों के भाड़े में 55 प्रतिशत की कटौती कर ली जाती है। इस कटौती में गोदाम के सभी कर्मचारियों का हिस्सा होता है। कोटेदारों का गुस्सा देख डीएसओ ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। इसके बाद एमआई रीता मौर्या से बातचीत की। एमआई से इलेक्ट्रानिक कांटा से तौल न कराने का जवाब मांगा। इसके बाद चेतावनी दी कि दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आरोप बेबुनियाद है। घटतौली नहीं हो रही है। इलेक्ट्रानिक कांटा लगाने की व्यवस्था नहीं हो सकी थी। जल्द ही गोदाम में इलेक्ट्रानिक कांटे से तौल करानी की व्यवस्था कर दी जाएगी।
रीता मौर्या, एमआई