पिपरी कोतवाली के काठगांव में रविवार को एक अमानवीय घटना सामने आई है। मोबाइल चोरी के आरोप में एक किशोर को दो युवकों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसके नाजुक अंगों में पेट्रोल डाल दिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत पीआरवी पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
पिपरी कोतवाली के इंगुआ उर्फ काठगांव निवासी एक व्यक्ति मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। उसकी पत्नी ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने पड़ोसी के घर में अपना मोबाइल चार्जिंग के लिए लगाया था। इस बीच उसका मोबाइल किसी ने चोरी कर लिया। आरोप है कि मोबाइल चोरी के शक में उसके बेटे को दो युवकों ने गांव के बाहर एक नलकूप पर बंधक बना लिया।
दो दिनों तक नलकूप में रखने के बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उसके नाजुक अंगों में पेट्रोल भी डाला गया। इससे अंकित गंभीर रूप से जख्मी हो गया। किसी तरह से युवकों के चंगुल से छूटने के बाद कोतवाली किशोर घर पहुंचा और परिजनाें को मामले की सूचना दी। पीड़ित परिवार ने मामले की नामजद शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने घटना की जांच कर पीड़ित को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में पिपरी इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।