Killing old man, husband and youth injured
- फोटो : KAUSHAMBI
बुजुर्ग महिला की हत्या, पति व पड़ोसी को किया लहूलुहान
कोखराज के कशिया पश्चिम गांव की घटना, तीनों के सिर पर धारदार हथियार से किया गया प्रहार
वारदात की वजह साफ नहीं, अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
भरवारी/कल्यानपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कशिया पश्चिम गांव में गुरुवार रात बदमाशों ने धारदार हथियार से सिर पर हमला करके एक महिला की हत्या कर दी। उसके पति व पड़ोसी को लहूलुहान कर दिया। सनसनीखेज घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कशिया पश्चिम गांव निवासी दीपक सरोज (27) पुत्र सीताराम ने एक पिकअप खरीद रखी है। इसी को चलाकर परिवार का खर्च चलाता है। गुरुवार रात वह दरवाजे पर चारपाई डालकर सो रहा था। इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया। चीखें सुन परिजन व ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से दीपक को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो देखा कि दीपक के घर से कुछ दूरी पर उसका पड़ोसी भइयालाल (65) व भइयालाल की पत्नी सुम्मारा (60) भी अपने दरवाजे पर चारपाई में पड़े कराह रहे थे। इन दोनों के सिर पर भी धारदार हथियार से ही हमला किया गया था। पुलिस ने अपने सरकारी वाहन से दंपति को एसआरएन अस्पताल भेजवाया। रास्ते में सुम्मारा की मौत हो गई। घायल भइयालाल के साथ दीपक को भी एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल दोनों को होश नहीं आ सका है। मामले में दीपक की पत्नी सोनी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है। वहीं एसपी का कहना है कि घटना की कोई ठोस वजह अभी पता नहीं चल सकी है। परिजन किसी से कोई दुश्मनी होने की बात भी नहीं बता रहे हैं। अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर वारदात की जांच कराई जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।