नाना के साथ बाइक से स्कूल जा रहे एलकेजी के छात्र को बृहस्पतिवार सुबह कार सवारों ने अगवा कर लिया। घटना की सूचना पर पुलिस टीमों ने तीन घंटे में बालक को सकुशल उसके पिता के घर से बरामद कर लिया। अगवा छात्र के माता-पिता के बीच आपसी रजामंदी में तलाक हो चुका है। मां की तरफ से अदालत में उत्पीड़न व भरण-पोषण का मुकदमा विचाराधीन है।
कोखराज क्षेत्र के बघेलापुर निवासी सैफुलखला उर्फ गुड्डू ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी निशात फात्मा की शादी करीब 10 साल पहले प्रयागराज के शिवकुटी क्षेत्र के मेंहदौरी कालोनी निवासी सोयब अली उर्फ दानिश के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही दामाद व उसके स्वजन दहेज की मांग कर बेटी को प्रताड़ित करने लगे।
इस दौरान निशात को एक बेटा अब्दुल्ला हुआ, जब वो चार माह का था तो दामाद बेटी व नाती अब्दुल्ला को घर (मायके) छोड़कर चल गया। दानिश ने मौखिक तलाक भी ले लिया। दहेज उत्पीड़न का मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:15 बजे वह अब्दुल्ला को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहा था।
कोखराज थाने से आधा किलोमीटर दूर लाटपुर के समीप पहुंचा ही था कि पीछे से आए कार सवार चार लोगों ने सरायअकिल का रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। रास्ता बताने के लिए उसने बाइक रोका तो कार में बैठे दानिश व उसके साथियों ने अब्दुल्ला को बाइक से उठाकर कार में बैठा कर प्रयागराज की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी डायल-112 व थाना पुलिस को दी। इसे लेकर पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
दो टीमों का गठन कर बालक की सकुशल बरामदगी का आदेश दिया गया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस टीमों ने महज तीन घंटे में अबदुल्ला को उसके पिता के घर प्रयागराज के मेंहदौरी कालोनी से सकुशल बरामद कर लिया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। -सत्यनारायण प्रजापत, एसपी