सरायअकिल इलाके की एक किशोरी का सरेशाम अपहरण कर लिया गया। छह दिन पहले किशोरी घर के बाहर किसी काम से निकली थी। अपहृत किशोरी के भाई ने पड़ोस की एक महिला पर नशीला पदार्थ खिलाकर अगवा करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने डांटकर कर पीड़ित को भगा दिया। शनिवार को भुक्तभोगी भाई ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र डहिया गांव का रहने वाले एक किसान का आरोप है कि 17 अक्टूबर शाम उसकी करीब 14 साल की बहन घर से किसी काम के लिए निकली थी। इसके बाद वह लापता हो गई। खेत से घर लौटे परिजन बेटी को गायब देख खोजबीन शुरू किया। दो दिन बाद पता चला कि पड़ोस की रहने वाली एक महिला उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उठा ले गई है। पड़ोसन की करतूत से खफा पीड़ित युवक उलाहना देने घर पहुंचा तो उसे पीटने के लिए दौड़ा लिया गया। शिकायत गुरुवार को भुक्तभोगी ने सरायअकिल पुलिस से की। आरोप है कि तहरीर लेने के बाद पुलिस ने डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख शनिवार को भुक्तभोगी मंझनपुर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक को घटना से अवगत कराया। एसपी वीके मिश्र ने एसओ सरायअकिल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।