मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के ननमई गांव में बाग में इकट्ठा मवेशियों को एसओजी पुलिस ने धर दबोचा। मगर पुलिस को चकमा देकर पशु तस्कर भाग निकले। पुलिस ने बरामद मवेशियों को स्थानीय लोगों की सुपुर्दगी में देते हुए फरार तीन तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस पशु तस्करों की तलाश में जुटी है।
दोआबा के पशु तस्करों के जेहन से खाकी का खौफ खत्म हो गया है। कौशाम्बी के रास्ते अर्से से मवेशियों की खेप वध के लिए गैर प्रांत भेजी जा रही है। मंगलवार रात कोखराज के ननमई गांव के समीप एक बाग में मवेशियों को इकट्ठा किया जा रहा था। मुखबिर ने एसओजी को सूचना दी कि धन्नी गांव में मवेशियों को गैर प्रांत भेजने की तैयारी है। पशु तस्करी की सूचना मिलते ही एसओजी प्रभारी विपिन त्रिवेदी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। मगर जब तक पुलिस बाग की घेराबंदी करती तस्कर चकमा देकर भाग निकले।
पुलिस ने तस्करों का कुछ दूर तक पीछा भी किया पर वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके । पुलिस ने बाग से 33 प्रतिबंधित पशुुओं को बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गए पशुओं को स्थानीय लोगों की सुपुर्दगी में देते हुए ननमई गांव के अच्छे मियां, अजमेरी समेत तीन लोगों के खिलाफ कोखराज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। एसओजी प्रभारी विपिन त्रिवेदी ने बताया कि तस्करों की तलाश की जा रही है। मवेशियों की खेप गैर प्रांत वध के लिए भेजी जानी थी। तस्कर मवेशियों को एकत्रित कर वाहन का इंतजार कर रहे थे।