चायल (कौशाम्बी)। ट्रक से बकरी कुचल जाने की जांच को आए मकदूमपुर चौकी के सिपाही की करतूत से असरावल खुर्द गांव में एक युवक की जान पर बन आई। सिपाही के दौड़ने पर भागा युवक कुंए में गिरकर घायल हो गया। इससे गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। हालांकि घटना की खबर लगते ही फोर्स लेकर पहुंचे सीओ चायल ने युवक को कुंए से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने सिपाही समेत सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। मामले में पूर्व प्रधान ने सिपाही समेत 10 लोगों के खिलाफ पिपरी कोतवाली में तहरीर भी दी। वहीं एसपी ने आरोपी सिपाही पर कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर कर दिया है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के असरावल खुर्द गांव का रहने वाला विनोद पाल पुत्र भैयालाल बुधवार की सुबह सड़क किनारे बकरी चरा रहा था। तभी बालू लदे डंफर ने उसकी बकरी को कुचल दिया। डंफर की चपेट में आने से बकरी की मौत हो गई। इसे लेकर विनोद का डंफर चालक से झगड़ा हो गया। बताया जाता है कि यह डंफर मकदूमपुर चौकी के एक सिपाही का है। उसे जब इसकी जानकारी हुई, तो वह 8-9 लोगों के साथ विनोद के घर पहुंच गया। आरोप है सिपाही ने विनोद को पकड़ने के लिए दौड़ा लिया था।
सिपाही की पिटाई से बचने के लिए जान बचाकर भागा युवक एक सूखे कुंए में गिर गया। युवक के कुएं में गिरने से गांव में हड़कंप मच गया। अनहोने की आशंका से सहमे रोते बिलखते परिजनों के साथ गांववाले भी जुट गए। सिपाही की दादागीरी से गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सिपाही और उसके साथियों को दौड़ा लिया। उधर, जैसे ही घटना की जानकारी अफसरों को हुई। फोर्स लेकर सीओ चायल गांव पहुंच गए। सीओ ने कुएं में गिरे युवक को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाया।
गिरने से वह गंभीररूप से घायल था। उसकी हालत देख तत्काल उसे अस्पताल भेजा गया। साथ ही गुस्साए ग्रामीणों को भी सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। घायल युवक के चाचा और पूर्व प्रधान दिलीप पाल ने आरोपी सिपाही समेत 10 लोगों के खिलाफ तहरीर पिपरी कोतवाली में दी है। वहीं पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने देर शाम आरोपी सिपाही को लाइनहाजिर करते हुए घटना की प्रारंभिक जांच शुरू करा दी है। एसपी ने बताया कि जांच के बाद आरोपी सिपाही के खिलाफ निलंबन की भी कार्रवाई की जाएगी।