प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार विकास के लिए कृतसंकल्प है। गरीबों, किसानों और बेरोजगारों की तरक्की के हरसम्भव प्रयास करेगी। अपराधी अब पुलिस से आंख-मिचौली नहीं कर सकेंगे। कानून से खेलने वाले को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने तकरीबन एक अरब की 17 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
उप मुख्यमंत्री रविवार को अपने गृह जनपद कौशाम्बी के एक दिवसीय दौरे पर रहे। भरवारी पहुंचे डिप्टी सीएम ने सर्वप्रथम नवनिर्मित नगर पालिका परिषद के भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद वह सीधे किड्जी स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचे। कहा कि विकास हमारी सरकार का नारा नहीं बल्कि संकल्प है। इसके लिए वह हमेशा हरसंभव प्रयास करते रहेंगे। चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार सरकार की प्राथमिकता है। गरीब किसानों के साथ छलावा नहीं होगा। ऐतिहासिक, धार्मिक स्थलों का विकास कर कौशाम्बी के अतीत को वर्तमान में लाया जाएगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी ताकि उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।
इसके अलावा उन्होंने सरकार की प्राथमिकता वाले बिन्दुओं पर भी चर्चा की। कहा कि सरकार की कर्जमाफी योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि गुंडों, माफियाओं की जगह जेल या फिर प्रदेश से बाहर होगी। समारोह को सांसद विनोद सोनकर, कार्यक्रम के आयोजक विधायक चायल संजय गुप्ता, विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल, मंझनपुर विधायक लाल बहादुर, जिलाध्यक्ष रमेश पासी आदि ने भी सम्बोधित किया। इसके बाद संयारा पहुंचे डिप्टी सीएम ने तकरीबन एक अरब की लागत वाली विभिन्न सड़कों और अतिथिगृह का शिलान्यास व लोकार्पण किया। यहां से वह सीधे कड़ा स्थित मां शीतला के दरबार में माथा टेकने पहुंचे। अंत में डिप्टी सीएम ने अपने घर सिराथू पहुंचकर माता-पिता का आशीर्वाद लिया।