मंझनपुर। कौशाम्बी के लोगों के लिए राहत वाली खबर है। जल्द ही तमाम गांवों में पेयजल किल्लत से निजात मिलेगी और तमाम सड़कों का भी निर्माण एवं मरम्मत का काम कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में जिले के विकास के लिए कुल दो अरबर 11 लाख रुपये की प्रस्तावित परियोजनाओं पर अंतिम मुहर लगा दी गई। साथ ही मनरेगा के तहत एक अरब 62 करोड़ 75 लाख 19 हजार रुपये की विकास योजनाओं को स्वीकृत प्रदान की गई।
सम्राट उदयन सभागार कलेक्ट्रेट में ऊर्जा राज्य एवं जिले के प्रभारी मंत्री याशर शाह की अगुवाई में बृहस्पतिवार को हुई जिला योजना समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए दो अरब 11 करोड़ 73 लाख की कार्ययोजना को स्वीकृत प्रदान की गई। मुख्य विकास अधिकारी बीएन मिश्र ने बताया कि पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि (बीआरजीएफ) से 672 सोलर लाइटों के लिए 2.15 करोड़ की परियोजनों को हरी झंडी दी गई है।
इसी तरह वाटर सप्लाई के लिए 2.62 करोड़ , मनरेगा के तहत 1 अरब 62 करोड़ 75 लाख 19 हजार और 48 करोड़ 41 लाख 69 हजार रुपये के प्रस्तावित लेबल बजट को अनुमोदन प्रदान किया गया है। इस दौरान जिला योजना के पिछली बैठक में हुई कार्यवायी की पुष्टि भी की गई। प्रभारी मंत्री ने अफसरों को समय और गुणवत्ता के मुताबिक विकास कार्य करने का निर्देश दिया है। साथ ही बिजली, पेयजल, सड़क, आवास, पेंशन, नलकूप, सिंचाई जैसे विकास कार्यों की समीक्षा की। लापरवाह अफसरों की खिंचाई भी की। इस मौके पर सांसद विनोद सोनकर, सिराथू विधायक वाचस्पति, एमएलसी सूरजभान करवरिया, पीडी आरसी पांडेय, डीडीओ महेंद्र तिवारी, बीएसए एके सिंह, सीवीओ डॉ एसपी पांडेय, डीपीआरओ आरके भारती, डीएसडब्ल्यूओ सुधीर कुमार गुप्ता, डीएसओ अखिल सिंह आदि मौजूद रहे।
ऊर्जा राज्य एवं जिले के प्रभारी मंत्री याशरशाह बृहस्पतिवार को जिला योजना समिति की बैठक में शामिल होने कौशाम्बी पहुंचे तो जिलाध्यक्ष अशोक यादव की अगुवाई में सपाइयों ने गेस्टहाउस ओसा में फूल-माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं को पंचायत और विधानसभा चुनाव 2017 की तैयारी में शिद्दत से जुटने को कहा। इस मौके पर जिला महासचिव गुलाम हुसैन, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मोहम्मद साबिर सिद्दीकी, राजू इकबाल, जैनुल आब्दीन, डॉ. मोहम्मद असलम, कासिम हुसैन, अमित सिंह, सुभाष सिंह पटेल, ज्ञानचंद्र यादव, बुधराम यादव आदि मौजूद रहे।