चरवा कोतवाली क्षेत्र के रतगहा गांव में मंगलवार रात एक युवक ने अपनी बीवी को फावड़े से काट डाला। सनसनीखेज वारदात के पीछे कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। बेटी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
रतगहा निवासी सेवन कुमार मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। मंगलवार रात वह और उसके परिवार के सदस्य भोजन कर सो गए। बेटी शालिनी ने बताया कि मध्य रात्रि के करीब पिता उठा और उसने गहरी नींद में सो रही मां सुनीता देवी (35) की गर्दन पर फावड़े से हमला कर दिया।
वार इतना जोरदार था कि आधी गर्दन कटकर लटक गई। साथ ही मौके पर ही सुनीता की मौत हो गई। चीखें सुन उठीं तीन बेटियों ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन्हें भी फावड़ा लेकर दौड़ा लिया।