पिपरी कोतवाली के गोविंदपुर लोकीपुर गांव में सोमवार रात बच्चा चोरी के शक में किन्नर को बिजली के खंभे से बांध कर लोगों ने पीट दिया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घायल किन्नर की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद व कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर किया गया है। वहीं छह आरोपियों गिरफ्तार किया गया है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली के धवाड़ा गांव निवासी किन्नर पूजा उर्फ बबलू के मुताबिक उसके गांव की पारिवारिक बहन की ससुराल पिपरी कोतवाली के कुंदनपुर गांव में है। नवरात्र में लगे दुर्गा पूजा पंडाल में नृत्य आदि कर पैसे कमाने के लिए वह एक हफ्ते पहले बहन के घर आई थी। सोमवार को वह पड़ोस के गांव गोविंदपुर लोकीपुर के पूजा पांडाल में नृत्य करने गई थी।
रात करीब आठ बजे बहन के घर लौटने के दौरान गांव के बाहर स्थित नींबू के बाग के समीप मौजूद बच्चे उसे देख कर भागने लगे। आरोप है कि ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। उन्होंने बिजली के खंभे से बांध कर चप्पल और डंडों से उसकी पिटाई शुरु कर दी। किसी ने पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
घटना की जानकारी पाकर आई पुलिस ने बिजली के खंभे से रस्सी खोल कर उसे आजाद किया। इसके बाद उसका इलाज करा कर रिश्तेदार के घर भेज दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान तीन हजार रुपये नकद समेत सोने की नथिया और लॉकेट भी छीन लिया गया। पुलिस ने घायल की तहरीर पर कपुल, बबलू, इंदर, राजू और महेंदर समेत कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।