कौशाम्बी जिले में कुछ और नए ब्लॉकों का गठन होगा। इसके लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कहा कि विकास कार्य, कानून व्यवस्था एवं जन शिकायतों का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। उन्होंने विशेष अभियान चलाकर चकरोडों से अवैध कब्जे व अतिक्रण हटाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मॉ शीतला देवी अतिथिगृह में अफसरों के साथ बैठक कर विकास कार्यों के साथ ही कानून व्यवस्था की समीक्षा की। कहा कि ट्रांसफर पॉलिसी के तहत लेखपाल समेत अन्य सभी विभागों में अधिकारियों, कर्मचारियों के स्थानांतरण एवं पटल परिवर्तन किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत सभी पात्रों को आवास की सुविधा दें।
सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों के देयकों का समय से भुगतान हो। चारागाह की भूमि पर हुए अतिक्रमण को विशेष अभियान चलाकर हटवाएं, ताकि गोवंशों को हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था हो सके। जनपद में बैंकिंग सखी, मनरेगा में महिला मेठ एवं विद्युत सखी की और संख्या बढ़ाकर इन्हें प्रोत्साहित करें। कहा कि नैनो यूरिया के छिड़काव की व्यवस्था के लिए स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ड्रोन खरीदने की व्यवस्था करें।
पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासकों द्वारा कराए गए विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएम ने एक्सईएन जल निगम को हर घर नल योजना के तहत तेजी से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। ट्रामा सेन्टर में मैन पॉवर उपलब्ध कराने एवं जनपद में यूपीएसआईडीसी का कार्यालय खोलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम सुजीत कुमार, एसपी हेमराज मीना, सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी के साथ सभी विभागों के अफसर एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।