चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीनगर गांव में मंगलवार रात बेखौफ चोरों ने एक पशु चिकित्सक के घर से नगदी, गहने समेत करीब चार लाख का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को देर रात हुई। उसकी तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
लक्ष्मीनगर निवासी प्रदीप कुमार पशु चिकित्सक हैं। इन दिनों उनकी बीवी बच्चों के साथ मायके गई हुई है। मंगलवार सुबह चिकित्सक पशुओं का इलाज करने चले गए। रात को चोरों ने ताला तोड़कर उनके सूने घर से करीब 60 हजार रुपया नगद व लगभग साढ़े तीन लाख रुपया कीमत का गहने पार कर दिए। देर रात घर लौटे चिकित्सक ने आलमारी-बक्सों का ताला टूटा देखा तो उसके होश उड़ गए। चोरी की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मामले में पूरामुफ्ती कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।