चायल। सरायअकिल कोतवाली के एक गांव में करीब तीन माह पूर्व चारा काटने खेत गयी एक विवाहिता को अगवा कर चार लोगों ने बंधक बनाकर महीने भर तक सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे मुंबई ले जाकर बेच दिया। किसी तरह खरीदारों के चंगुल से छूटी विवाहिता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
इलाके के एक गांव की महिला के अनुसार 19 अगस्त को वो घर से मवेशियों के लिए चारा लेने खेत की तरफ गई थी। आरोप है कि इसके बाद तीन युवकों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। एक कमरे में महीने भर तक रखकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जाता रहा। इसके बाद महिला को मुंबई ले जाकर बेच दिया गया। 15 अक्टूबर को महिला किसी तरह खरीदार के चंगुल से छूट सकी। मुंबई के कल्यान से उसने फोन कर पति को सारी बात बताई। पति वहां से महिला को घर ल आया। घर आने के बाद परिजनों से महिला ने आपबीती बताई तो वे दंग रह गए। गुरुवार को पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने ओमप्रकाश पुत्र भोला प्रसाद, अशोक कुमार पुत्र कृष्णा प्रसाद, अमरदीप पुत्र रामलौटन व एक अज्ञात समेत के खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म के मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर का कहना है कि महिला को मेडिकल के लिए भेजा जाएगा। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।