त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर तैयार हो रही मतदाता सूची देख गांववाले परेशान हैं। सूची में गड़बड़ी का आलम यह है कि सैनी गांव के मतदाताओं का नाम पड़ोसी गांव चक सैनी में दर्ज हो गया है। इसी तरह से चकसैनी के सैकड़ों लोगों का नाम सैनी की मतदाता सूची में शामिल है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अक्तूबर में संभावित है। इसकी तैयारी में प्रशासनिक अमल जुटा है। मतदाता सूची दुरूस्त कराई जा रही है। पर, सूची दुरूस्त करने के नाम पर ही सबसे ज्यादा मनमानी देखने को मिल रही है। आरोप है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगाए गए बीएलओ (बूथ लेबल अफसर) रसूखदार व्यक्तियों के दरवाजे बैठकर मनमानी तरीके से मतदाताओं का नाम घटा-बढ़ा रहे हैं। इतना ही नहीं एक गांव के लोगों का नाम उस गांव में भी दर्ज कर लिया जा रहा है।
मतदाता सूची में की जा रही गड़बड़ी की ऐसी ही बानगी कड़ा ब्लाक के सैनी और चकसैनी गांव में देखने को मिली है। सैनी के पूर्व प्रधान विजय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि उनके ग्रामसभा के 331 वोटरों के नाम चक सैनी गांव में जोड़ दिया गया है। चक सैनी गांव के 386 वोटरोें के नाम उनकी ग्राम सभा यानी सैनी की मतदाता सूची में दर्ज किया गया है। पूर्व प्रधान ने वोटर लिस्ट में हुई इस गड़बड़ी की लिखित शिकायत एडीओ पंचायत कड़ा सुरेंद्र कुमार से की। एडीओ पंचायत ने बताया कि शिकायत मिली है। मतदाता सूची का अवलोकन करके चुनाव से पहले इस तरह की सारी गड़बड़ियां ठीक करा ली जाएंगी। बता दें कि मतदाता सूची में ऐसी ही गड़बड़ी की शिकायत मूरतगंज, नेवादा, मंझनपुर, सिराथू, चायल, कौशाम्बी, सरसवां आदि ब्लाक के कई गांवों से भी आ चुकी है। शुक्रवार को ही जरैनी और पल्हना गांव के लोगों ने एसडीएम से शिकायत करके सूची को दुरुस्त कराने की मांग की थी।